गोंडा जिले के करनैलगंज-हुजूरपुर मार्ग पर बुधवार सुबह एक हादसा हुआ, जिसमें भाजपा सांसद बृजभूषण शरण सिंह के नंदिनी नगर इंस्टीट्यूट के नाम पर पंजीकृत एक पुलिस एस्कॉर्ट फॉर्च्यूनर कार ने बाइक सवार दो युवकों और एक महिला को रौंद दिया। इस हादसे में 17 वर्षीय रेहान और 24 वर्षीय शहजादे की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि महिला सीता देवी गंभीर रूप से घायल हो गईं। घटना के बाद कार चालक और उसमें सवार लोग मौके से फरार हो गए। पुलिस ने कार को जब्त कर लिया है और चालक को हिरासत में ले लिया गया है। परिजनों की तहरीर पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है।
इस हादसे के बाद इलाके में तनाव बढ़ गया और परिजनों ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का घेराव करते हुए नारेबाजी की और जाम लगा दिया। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए कई थानों की पुलिस बल बुलानी पड़ी। पुलिस अधिकारियों ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और स्थिति को नियंत्रित करने के प्रयास जारी हैं।
